बीते कुछ सालों में IPOs ने निवेशकों को खूब पैसा बनाकर दिया है, खासतौर पर लिस्टिंग गेन के जरिए. इनमें से कुछ IPOs तो ऐसे थे जिन्होंने निवेशकों को छप्परफाड़ लिस्टिंग गेन कमाकर दिया. मगर आज की तारीख में उनमें से कई IPO ऐसे भी हैं, जो चार दिन की चांदनी साबित हुए. क्योंकि वो अब अपने लिस्टिंग प्राइस से 40-70% तक टूट चुके हैं. इनमें से कुछ अपने इश्यू प्राइस से भी फिसल चुके हैं. इन शेयरों में जो निवेशक लिस्टिंग गेन लेकर निकल चुके, वो तो बच गए, लेकिन जो ये सोचकर बने रहे कि ये शेयर और चढ़ेगा, वो आज नुकसान में चल रहे हैं. मैं आपको ऐसे ही 7 शेयरों के बारे में बताने जा रहा हूं. इससे आप सिर्फ अपना ज्ञान बढ़ाइएगा, निवेश की सलाह मत मान लीजिएगा.
Sigachi Industries
लिस्टिंग प्राइस: ₹575 (NSE, BSE)
लिस्टिंग गेन: 252.8%
लिस्टिंग गेन से टूटा: 39%
CMP: ₹35
Issue Price: ₹163
चार साल पहले 15 नवंबर, 2021 को इस कंपनी ने अपनी धमाकेदार लिस्टिंग से तमाम एनालिस्ट को हैरान कर दिया था और GMP भी ये लिस्टिंग गेन से काफी पीछे छूट गया. BSE पर ये शेयर 163 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 575 रुपये पर लिस्ट हुआ यानी 252.8% का प्रीमियम. शेयर यहीं पर नहीं रुका, इंट्राडे में ये 270.40% चढ़कर 603.75 रुपये तक पहुंच गया. ऐसी लिस्टिंग से गदगद ज्यादातर एनालिस्ट्स के बीच शेयर में लंबी अवधि तक बने रहने की सलाह देने की होड़ लग गई. इसके पीछे तर्क ये दिया जा रहा था कि भारत में सेल्यूलोज़-बेस्ड एक्सीपिएंट्स बनाने वाली इस लीडिंग कंपनी का कोई लिस्टेड प्रतिद्वंद्वी नहीं है. महज 125.43 करोड़ रुपये के इस IPO को निवेशकों ने जमकर दांव लगाया जिससे ये 100 गुना (101.91x) से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ.
साल 2021 में कुल 66 कंपनियों ने बाजार में कदम रखा था. जिसमें से 46 कंपनियों की लिस्टिंग पॉजिटिव रही थी, जबकि 20 की निगेटिव. औसत लिस्टिंग डे गेन 30% से ज्यादा का रहा था. इसमें
Sigachi Industries की लिस्टिंग सबसे अच्छी रही थी.
लेकिन अब ये शेयर अपने लिस्टिंग प्राइस से काफी नीचे आ चुका है और 35-36 रुपये के बीच ट्रेड कर रहा है. अब लिस्टिंग गेन से ये कितना टूट चुका है, इसके लिए हमें जून 2023 में 1:10 के स्टॉक स्प्लिट को भी ध्यान में रखना होगा. इसलिए स्प्लिट के बाद एडजस्टेड लिस्टिंग प्राइस ₹57.5 हो जाएगा. इस प्राइस से शेयर अबतक 39% टूट चुका है.
Tata Technologies
लिस्टिंग प्राइस: ₹1,200 (NSE, BSE)
लिस्टिंग गेन: 140%
लिस्टिंग गेन से टूटा: 43%
CMP: ₹680
Issue Price: ₹500
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज की लिस्टिंग ने भी इश्यू में पैसा लगाने वालों को मालामाल किया था. 30 नवंबर, 2023 को ये शेयर 140% प्रीमियम के साथ 1,200 रुपये पर लिस्ट हुआ था, लेकिन इंट्राडे में इसने 1,400 रुपये का हाई बनाया था. अब ये शेयर 680 रुपये के करीब ट्रेड कर रहा है. यानी ये अपने लिस्टिंग प्राइस से 43% फिसल चुका है. इसका मौजूदा भाव 680 रुपये के आस-पास चल रहा है.
BLS E-Services
लिस्टिंग प्राइस: ₹305 (NSE)
लिस्टिंग गेन: 129%
लिस्टिंग गेन से टूटा: 34%
CMP: ₹200
Issue Price: ₹135
162 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब होने के बाद ये 6 फरवरी, 2024 को 129% के धमाकेदार प्रीमियम के साथ NSE पर 305 रुपए और BSE पर 309 रुपए पर लिस्ट हुआ. जबकि इसका इश्यू प्राइस 135 रुपये था. लिस्टिंग से पहले तक IPO GMP या ग्रे मार्केट प्रीमियम 155 रुपये से भी ज्यादा चल रहा था. इसमें कोई शक नहीं कि लिस्टिंग गेन ने लोगों को अच्छा खासा पैसा बनाकर दिया. लेकिन जो लोग इसमें बने रह गए, उनके लिए अब ये नुकसान का सौदा साबित हो रहा है. क्योंकि लिस्टिंग गेन से ये अब 34% टूट चुका है, इसका मौजूदा शेयर प्राइस 200 रुपये के आस-पास है.
Bajaj Housing Finance
लिस्टिंग प्राइस: ₹305 (NSE)
लिस्टिंग गेन: 114.29%
लिस्टिंग गेन से टूटा: 34%
CMP: ₹108
Issue Price: ₹70
बजाज हाउसिंग फाइनेंस का IPO 63.61 गुना सब्सक्राइब हुआ था, लिस्टिंग से पहले ही ग्रे मार्केट का बाजार गर्म था. तकरीबन सभी एनालिस्ट ये मान रहे थे कि इसकी जबरदस्त लिस्टिंग होगी, हुआ भी वही. 16 सितंबर, 2024 को 114.29% के प्रीमियम के साथ ये 150 रुपये पर लिस्ट हुआ, जबकि इश्यू प्राइस 70 रुपये था. निवेशकों ने जमकर पैसा बनाया. अब, ये अपने लिस्टिंग प्राइस से 34% नीचे आ चुका है.
Unicommerce eSolutions
लिस्टिंग प्राइस: ₹235 (NSE)
लिस्टिंग गेन: 117.59%
लिस्टिंग गेन से टूटा: 45%
CMP: ₹129
Issue Price: ₹108
IPO कुल मिलाकर 168.35 गुना सब्सक्राइब हुआ था, जो ये बताने के लिए काफी था कि लिस्टिंग कितनी धमाकेदार होने वाली है. 13 अगस्त, 2024 को Unicommerce eSolutions की NSE पर लिस्टिंग 117.59% प्रीमियम के साथ 235 रुपये पर होती है. जबकि इश्यू प्राइस 108 रुपये है. BSE पर ये 112.96% प्रीमियम के साथ 230 रुपये पर लिस्ट हुआ था. लेकिन अब ये 129 रुपये के आस-पास ट्रेड कर रहा है, यानी अपने लिस्टिंग प्राइस से 45% तक फिसल चुका है.
One Mobikwik Systems
लिस्टिंग प्राइस: ₹440 (NSE)
लिस्टिंग गेन: 57.70%
लिस्टिंग गेन से टूटा: 44%
CMP: ₹246
Issue Price: ₹279
One Mobikwik Systems का भाव तो अपने इश्यू प्राइस से भी नीचे फिसल चुका है. 18 दिसंबर, 2024 को ये NSE पर 57.70% प्रीमियम के साथ 440 रुपये पर लिस्ट हुआ. BSE पर इसकी लिस्टिंग 442.25 रुपये पर हुई. इसकी लिस्टिंग को ग्रे मार्केट ने बिल्कुल सही भांप लिया था, क्योंकि GMP 160 रुपये के करीब था. अब करीब एक साल होने का आए, ये शेयर अपने लिस्टिंग प्राइस से तो नीचे आया ही है, अपने इश्यू प्राइस से भी नीचे फिसल चुका है.
Dreamfolks
लिस्टिंग प्राइस: ₹508.7 (NSE)
लिस्टिंग गेन: 56%
लिस्टिंग गेन से टूटा: 74%
CMP: ₹130
Issue Price: ₹326
बीते कुछ महीने इस कंपनी के लिए अच्छे नहीं चल रहे हैं. कंपनी का डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज की सर्विसेज बंद हो गईं. जिसके बाद इसके शेयरों में जोरदार गिरावट देखने को मिली. लेकिन बात जब लिस्टिंग की हो तो ये स्टॉक भी कम नहीं रहा. एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म ड्रीमफोक्स 56% प्रीमियम के साथ NSE पर 508.7 रुपये पर लिस्ट हुआ. BSE पर इसकी लिस्टिंग 505 रुपये पर हुई. जबकि इसका इश्यू प्राइस 326 रुपये था. लेकिन अब ये शेयर अपने लिस्टिंग प्राइस से 74% टूट चुका है. इतना नहीं ये शेयर अपने इश्यू प्राइस 326 रुपये से गिरकर 130 रुपये पर आ चुका है.
















Leave a Reply