साल 2025 के सबसे बड़े विलेन! जो Wealth Creator से बन गए Wealth Destroyer

साल 2025 के सबसे बड़े विलेन! जो Wealth Creator से बन गए Wealth Destroyer

साल भर पहले तक जिन शेयरों से पोर्टफोलियो चमकता था, वही शेयर अब पोर्टफोलियो के लिए सबसे बड़ा दर्द बन चुके हैं। साल 2025 में ही ये 50% से लेकर 80% तक टूट चुके हैं। जिन शेयरों को निवेशक Wealth Creator मानते थे, अब कहानी उलट चुकी है और ये Wealth Destroyer बन चुके हैं। ऐसे ही कुछ शेयरों के बारे में बात करेंगे, जिन्होंने निवेशकों को घाटे का कड़वा घूंट पीने के लिए मजबूर किया। इन शेयरों ने निवेशकों को यह सिखाया कि तेज रिटर्न जितना आकर्षक होता है, उतना ही खतरनाक भी हो सकता है।

1) Vishnu Prakash R Punglia
2025 में टूटा: – 80%

ये भारत की सबसे तेजी से बढ़ती इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनियों में से एक है, साल भर पहले इस शेयर का प्राइस 253 रुपये हुआ करता था, जो कि अब गिरते-गिरते 49-50 रुपये के बीच आ गया है, मतलब साल भर में 80% टूट चुका है। ये शेयर 2025 में भारी दबाव में रहा है। इसकी कई वजहें हैं, जैसे – कंपनी के वर्किंग कैपिटल साइकल लंबे हो गए हैं, पेमेंट्स में देरी और इन्वेंटरी ज्यादा होने से दबाव बढ़ा है। इससे कर्ज बढ़ा, प्रमोटर्स ने शेयर बेचे और गिरवी रखे ताकि कैश आए। इसके अलावा बैक-टू-बैक कमजोर नतीजों से निवेशकों का भरोसा भी डगमगाया है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने लगातार शेयर बेचे, दिसंबर 2024 में होल्डिंग 0.9% से घटकर जून 2025 में सिर्फ 0.11% रह गई। इस बिकवाली ने शेयर प्राइस पर नीचे की ओर दबाव डाला।

2) Dreamfolks
2025 में टूटा: -72%

कंपनी भारत की सबसे बड़ी एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म है, जो यात्रियों को बेहतर एयरपोर्ट अनुभव मुहैया कराती है। साल भर पहले ये शेयर 15 जनवरी, 2025 को 365 रुपये के आस-पास ट्रेड कर रहा था, अब उस भाव से 70% से ज्यादा टूट चुका है और 101 रुपये के करीब आ चुका है। कंपनी को लेकर पिछले पूरे साल कुछ न कुछ निगेटिव खबरें आती रहीं। कुछ नीचे बता रहा हूं।

बैंक पार्टनरशिप का खत्म होना:

  • 1 जुलाई से ICICI और Axis बैंक ने ड्रीमफोल्क्स की लाउंज एक्सेस सर्विस बंद कर दी। ये बैंक कंपनी के बड़े यूजर बेस का हिस्सा थे, जिससे रेवेन्यू पर भारी झटका लगा। पिछले साल कई एयरपोर्ट लाउंज अचानक बंद होने से सर्विस की विश्वसनीयता पर सवाल उठे थे।

अदाणी एयरपोर्ट्स से मिली टक्कर

  • अदाणी अब खुद लाउंज बिजनेस में उतर गया है। अगर अदाणी अपनी इंफ्रा और टेक से लाउंज चलाएगा, तो ड्रीमफोल्क्स जैसे एग्रीगेटर्स की जरूरत कम हो जाएगी और मार्केट सिकुड़ जाएगा।

लाउंज सेवाएं बंद की

  • सितंबर 2025 में कंपनी ने बताया कि उसके क्लाइंट्स के लिए घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की सेवाएं 17 सितंबर से बंद कर दी गई हैं। कंपनी का मानना है कि इसका असर बड़ा होगा।

प्रमोटर्स और फंड्स की स्टेक बिकवाली:

  • मोतीलाल ओसवाल फोकस्ड फंड और कंपनी प्रमोटर्स ने अपनी हिस्सेदारी घटाई। इससे निवेशकों का भरोसा डगमगाया, क्योंकि ये नेगेटिव सिग्नल देता है कि कंपनी के निकट भविष्य पर अंदरूनी शंकाएं हैं।

3) Tejas Network
2025 में टूटा: -65%

इस हफ्ते 12 जनवरी को तेजस नेटवर्क के Q3 FY26 नतीजे आए, रेवेन्यू और प्रॉफिट दोनों पर ही अच्छा खासा दबाव देखने को मिला। रेवेन्यू 88% तक गिरा। शेयर 12 जनवरी को 12% तक टूट गया।
लेकिन बीते एक साल की बात करें तो ये शेयर 65% हल्का हो चुका है। 15 जनवरी, 2025 को शेयर प्राइस 1048.50 रुपये था, जो कि फिलहाल 370 रुपये के करीब आ चुका है। तेजस नेटवर्क के शेयरों में गिरावट की एक सबसे बड़ी वजह BSNL के 4G नेटवर्क के रोलआउट में देरी। जिसकी वजह से कंपनी के रेवेन्यू पर सीधी चोट पहुंची है। BSNL का 4G रोलआउट बार-बार टलता रहा,
ऑर्डर बुक तो हुए, मगर कभी परवान नहीं चढ़ पाए। जिससे बिलिंग में देरी हुई। तेजस के लिए BSNL सबसे बड़ी कमाई का जरिया है, यही बात बाजार को खटक गई है। क्योंकि अगर BSNL अटका रहा तो रेवेन्यू अटक जाएगा। बाजार को सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि तेजस का बिजनेस एक ही बड़े क्लाइंट पर जरूरत से ज्यादा टिका हुआ है।

शेयर रिटर्न (2025)
Vishnu Prakash R Punglia-80%
Dreamfolks-72%
Tejas Network-65%
Praj Ind-60%
Cohance Lifesciences-60%
SW Solar-55%
Vedant Fashion-55%
Newgen Soft-52%
Whirlpool-52%
TARIL-52%
Brainbees-51%
Zen Tech-50%

4) Praj Ind
2025 में टूटा: -60%

साल 2025 प्राज इंडस्ट्रीज के लिए अच्छा नहीं रहा। ये शेयर बीते एक साल में 60% से ज्यादा टूट चुका है। जो कि साल 2008 के बाद इसका सबसे खराब सालाना परफॉर्मेंस है, जब शेयर 70% से ज्यादा टूटा था। इस शेयर में ये गिरावट कई सालों तक धमाकेदार रैली के बाद देखने को मिली है। साल 2020 के बाद इस शेयर ने जबरदस्त रिटर्न दिया था। प्राज इंडस्ट्रीज सही मायने में एक मल्टीबैगर रहा है। साल 2020 में ये 50-55 रुपये के बीच था और साल 2025 की शुरुआत में 807 रुपये की रिकॉर्ड हाई तक पहुंच गया। यानी इसने 5 सालों में 1,500% का धमाकेदार रिटर्न दिया था। मगर उस पीक के बाद ये शेयर ऐसा लुढ़कना शुरू हुआ कि उस ऊंचाई से अब 60% नीचे आ चुका है। जब ग्रोथ की रफ्तार धीमी होती है, तो बाजार कीमत नहीं, सब्र टेस्ट करता है।

5) Cohance Lifesciences
2025 में टूटा: -60%

ये Cohance Lifesciences बीते एक साल में करीब 60% तक टूट चुका है। लेकिन इस शेयर में असल गिरावट आनी शुरू हुई अक्टूबर 2025 में, जब ये खबर आई कि वी प्रसाद राजू ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और डायरेक्टर के पद से इस्तीफा दे दिया है। ये इस्तीफा 28 अक्टूबर से ही प्रभावी है। इसके अगले ही दिन कोहांस के शेयर 10% से ज्यादा टूट गया। इसके बाद नवंबर में जे पी मॉर्गन ने स्टॉक की रेटिंग ‘ओवरवेट’ से डाउनग्रेड करके ‘न्यूट्रल’ कर दी है, और मार्च 2028 तक प्राइस टारगेट 640 रुपये तय किया है। इस स्टॉक ने 20 फरवरी, 2025 को 1,328 रुपये का 52वीक हाई बनाया था, लेकिन आज यानी 14 जनवरी, 2026 को ही इसने 439.55 रुपये का 52वीक लो बनाया है, यानी उस पीक से अब ये 66% से ज्यादा टूट चुका है।

ये सभी शेयर इस बात की याद दिलाते हैं कि सिर्फ बीते रिटर्न देखकर निवेश करना सबसे बड़ी गलती हो सकती है। असली Wealth Creation वही है, जिसमें बिजनेस की मजबूती, कैश फ्लो और मैनेजमेंट की विश्वसनीयता साथ-साथ चलें। वरना Wealth Creator कब Wealth Destroyer बन जाए, पता भी नहीं चलता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *