शेयर बाजार में अक्सर ये माना जाता है कि अगर निवेशक लंबी अवधि के लिए निवेश करें तो उन्हें अच्छा रिटर्न मिल जाता है, लेकिन क्या ये हमेशा सच होता है, शायद नहीं. क्योंकि अगर आप 5 साल को लंबी अवधि मानते हैं और इस दौरान शेयर आपको जीरो रिटर्न या निगेटिव रिटर्न देता है तो लंबी अवधि के कॉन्सेप्ट से भरोसा थोड़ा हिल जाता है. ऐसे ही 15 शेयरों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं, उससे भी बड़ी बात ये है कि इनमें से कई शेयर ऐसे हैं जिन्हें बाज़ार में एक रुतबा हासिल है, कई इसमें मल्टीबैगर भी हैं. जिन्होंने इसके पहले काफी बढ़िया रिटर्न दिए हैं. लेकिन मौजूदा हाल में इनकी रिटर्न की गाड़ी पटरी से उतर चुकी है. इनमें FMCG, IT, बैंकिंग और फार्मा सेक्टर की कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं.
1: Hindustan Unilever (HUL)
15 मार्च 2021 को HUL का शेयर करीब 2,276 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था। फिलहाल यह करीब 2,160 रुपये के स्तर पर है. यानी पिछले 5 सालों में इस शेयर ने निवेशकों को लगभग कोई रिटर्न नहीं दिया, बल्कि यह करीब 5% कमजोर हुआ है. 12 मार्च, 2026 को इसने 2,109.30 रुपये का 52 हफ्ते का निचला स्तर बनाया था. मगर, यही शेयर है जिसने अपने निवेशकों को इसके पहले दमदार रिटर्न दिए हैं.
साल 2020 से लेकर साल 2024 तक HUL ने दमदार रिटर्न दिए हैं. 23 सितंबर को इसने 2,988 रुपये का ऑल टाइम हाई बनाया था. मार्च 2022 से लेकर सितंबर 2024 के दौरान इसने 55% से ज्यादा का रिटर्न दिया. मगर इसके बाद, पूरे FMCG स्पेस में ही गिरावट का दौर शुरू हो गया, क्योंकि पूरा शेयर बाज़ार ही अंडरपरफॉर्म कर रहा था. साल 2025 भारतीय बाज़ार दबाव में रहे.
सितंबर 2024 से लेकर सितंबर 2025 तक निफ्टी FMCG इंडेक्स करीब 20% टूटा. जहां तक HUL की बात है, कंपनी की सेल्स ग्रोथ इन 5 सालों के दौरान बहुत खराब रही, जो कि महज 9.67% है. 10 सालों की अवधि में HUL ने 165% का दमदार रिटर्न दिया है.
2: Info Edge (India)
इंफोएज ने भी 12 मार्च, 2026 को 52 हफ्ते का निचला स्तर 937.90 रुपये बनाया था. फिलहाल ये शेयर 955 रुपये के करीब है. 5 साल में इसने 1.6% का निगेटिव रिटर्न दिया है. 6 जनवरी, 2026 को इस शेयर ने 1,825.80 रुपये का ऑल टाइम हाई बनाया था. हालांकि जब हम 10 सालों की अवधि को देखते हैं तो रिटर्न के मामले ये मल्टीबैगर साबित होता है. 10 साल में इसने 500% से ज्यादा का रिटर्न दिया है.
3: LTIMindtree
LTIMindtree ने भी 5 साल में सिर्फ 5% का ही रिटर्न दिया है. हालांकि इस शेयर ने इसी साल 19 जनवरी, 2026 को 52 हफ्ते का हाई 6,429.50 बनाया था. मगर, अब वो उस हाई से भी 33% नीचे आ चुका है और 4,280 रुपये के करीब है, लेकिन जब इसको 10 साल की अवधि से देखते हैं तो इसने 542% का धमाकेदार रिटर्न दिया है. LTIMindtree के शेयर में असली तेजी मार्च, 2020 से लेकर जनवरी, 2022 को दौरान देखने को मिली थी, तब ये 1425 के भाव से सीधा 4 जनवरी, 2022 को 7,588.80 के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था.
4: UPL
UPL ने बीते 5 साल में सिर्फ 2% का नगण्य रिटर्न दिया है. जबकि इस शेयर ने 2 जनवरी, 2026 को ही 52 हफ्ते का हाई 812.20 बनाया था. मगर, उस ऊंचाई से भी अब ये 25% टूटकर 612 रुपये के करीब आ चुका है. UPL के लिए अप्रैल, 2021 से लेकर फरवरी, 2023 तक दौर काफी अच्छा रहा, ये 730-830 के बीच ही ट्रेड करता रहा, 8 जून, 2021 को इसने 829.40 रुपये का ऑल टाइम हाई भी बनाया. मगर, इसके बाद ये ढलान पर चला गया और 7 अप्रैल 2025 को 588.85 रुपये का 52वीक लो बनाया. हालांकि जब हम 10 साल की अवधि के नज़रिये से देखते हैं तो इसने करीब 120% का रिटर्न दिया है.
5: Biocon
बायोकॉन ने 5 साल में 4-5% का निगेटिव रिटर्न दिया है. इस साल तक भी ये शेयर बेहद कमज़ोर दिखा है. हालांकि अगर बीते 3 सालों को देखें तो इसने दमदार रिकवरी देखी है. मार्च 2023 से लेकर अबतक ये स्टॉक अबतक 95% तक चल चुका है, जबकि इसके पहले अप्रैल 2021 से इसका भाव 420 रुपये से गिरकर मार्च 2023 तक ये 198 रुपये पर आ गया था. इसीलिए जब हम 10 साल की अवधि में देखते हैं तो इसका रिटर्न 375% है.
5 साल में इन 5 कंपनियों ने नहीं के बराबर रिटर्न दिया, या निगेटिव रिटर्न दिया है, लेकिन जब हम 10 साल की बात करते हैं, इनके रिटर्न्स की कहानी बिल्कुल अलग हो जाती है. इसलिए 5 साल में कंपनियों का रिटर्न खराब होने के मतलब ये कतई नहीं कि कंपनी में खराबी है, क्योंकि इसके पहले इन्हीं कंपनियों ने निवेशकों को दमदार रिटर्न दिए हैं. रिटर्न खराब होने के कई कारण हो सकते हैं, जियो पॉलिटिकल तनाव, कंपनियों की बिक्री में गिरावट, जो कि आने वाले समय में सुधर भी सकते हैं.
इन 5 कंपनियों के अलावा बाकी 10 कंपनियों की लिस्ट नीचे दी गई है. याद रहे कि इन 15 कंपनियों में से किसी भी कंपनियां खरीद-बिक्री की कोई सलाह नहीं है.


डिस्क्लेमर: यह लेख केवल जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए लिखा गया है। इसमें जिन शेयरों और कंपनियों का जिक्र किया गया है, वे उनके पिछले प्रदर्शन और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है और पिछले रिटर्न भविष्य की गारंटी नहीं होते। निवेश से पहले निवेशकों को अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह लेनी चाहिए या खुद स्वतंत्र रिसर्च करनी चाहिए। लेखक किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे।
Twitter – https://x.com/SumitResearch
Insta – Mehrotra Sumit (@sumitresearch)
Youtube – https://www.youtube.com/@Sumitresearch
















Leave a Reply