नाम में क्या रखा है? विलियम शेक्सपियर की ये लाइन हर जगह फिट नहीं बैठती, क्योंकि कहीं कहीं सिर्फ नाम से ही सबकुछ तय कर लिया जाता है। जैसे कि एक कंपनी है, जिसका नाम है Silver Touch Technologies Ltd. अब नाम से ऐसा लगता है कि ये किसी ऐसे बिजनेस में होगी, जो चांदी या उससे जुड़े किसी काम से होगा। क्योंकि बीते कुछ समय से चांदी जिस रफ्तार से रिटर्न दे रही है, इस कंपनी ने चांदी को भी पीछे छोड़ दिया है और दनादन रिकॉर्ड हाई बना रही है।
चांदी को लेकर पूरी दुनिया में हलचल
देखिए, अब पूरी दुनिया में चांदी को लेकर ऐसा माहौल बना हुआ है कि हर जगह बस चांदी की सप्लाई, चांदी की जरूरतों और भविष्य में चांदी का आउटलुक कैसा होगा, उसी पर बात हो रही है। यही वजह है कि देखते देखते पूरी दुनिया में और भारत में भी चांदी की कीमतें आसमान में पहुंच गईं हैं। घरेलू बाजार में MCX पर चांदी वायदा 25,000 रुपये प्रति किलो के आस-पास ट्रेड कर रहा है। चांदी ने 2,54,612 रुपये प्रति किलो को ऑल टाइम हाई भी बनाया है। बीते एक महीने में ही चांदी वायदा 40% से ज्यादा रिटर्न दे चुका है।
एक महीने में 81% चढ़ा ‘सिल्वर टच’
अब इधर देखिए, अपने में सिल्वर नाम लिए ये स्टॉक Silver Touch Technologies भी बीते एक महीने में करीब 81% तक चढ़ चुका है। तो ऐसा लग सकता है कि पक्का चांदी से इसका कुछ वास्ता हो सकता है। मगर, हकीकत ये है कि ये एक ग्लोबल IT कंपनी है जो AI, क्लाउड और ऑटोमेशन जैसी टेक्नोलॉजी से डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में मदद करती है। भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में मौजूदगी है। इसका चांदी से कोई वास्ता नहीं है।
बीते कुछ दिनों में इस स्टॉक में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। पिछले 17 ट्रेडिंग सेशन में रिकॉर्ड 77% की तेजी दर्ज की है। इसने 2 जनवरी, 2026 को 1,247 रुपये का हाई बनाया था, ये तेजी सोमवार 5 जनवरी को भी जारी रही और 1,373.30 रुपये का नया लाइफ हाई बनाया है। तो अब सवाल ये उठना चाहिए कि इसके शेयरों में इतना तूफानी तेजी आ क्यों रही है? कोई वजह तो होगी इस तेजी की।
चांदी नहीं, वजह ये है
दरअसल, इसके पीछे कंपनी की ओर से घोषित होने वाले फैसलों का इंतजार है। कंपनी ने ऐलान किया है कि 16 जनवरी 2026 को बोर्ड मीटिंग होगी, इसमें दो बड़े कॉरपोरेट एक्शन पर फैसला कि जाएगा। पहला स्टॉक स्प्लिट को लेकर है और दूसरा बोनस शेयर को लेकर है। स्टॉक स्प्लिट में अभी 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर को छोटे-छोटे शेयरों में बांटा जाएगा। इससे शेयर का दाम कम होगा और छोटे निवेशक आसानी से खरीद सकेंगे और लिक्विडिटी बढ़ेगी। बोनस शेयर में मौजूदा शेयरहोल्डर्स को मुफ्त में अतिरिक्त शेयर मिलेंगे। इन दोनों खबरों की वजह से शेयर में जबरदस्त खरीदारी हुई।
इसके अलावा, ये एक ग्लोबल IT कंपनी है। इसके कई देशों में क्लाइंट्स हैं। बीते दिनों इसको कुछ बड़ी डील्स मिली हैं। हाल ही में IPADSV2 पहल के तहत Silver Touch को भारतीय नौसेना का डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पार्टनर चुना गया है। यह अहम डील कंपनी के मिशन-क्रिटिकल डिफेंस पोर्टफोलियो को मजबूत करेगी और आने वाले कई वर्षों तक रेवेन्यू विजिबिलिटी बढ़ाएगी, यानी कंपनी की कमाई आने वाले सालों में बढ़ेगी। इसके अलावा, कंपनी के पास एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और नेशनल मेडिकल कमीशन से भी हालिया में मिले अहम प्रोजेक्ट्स भी हैं।
कंपनी की वित्तीय सेहत
कंपनी ने लगातार मुनाफा बनाकर दिया है। Q2FY26 में कंपनी काफी दमदार नतीजे पेश किए। कंसो रेवेन्यू सालाना आधार पर 14.25% बढ़कर 83.99 करोड़ रुपये रहा। EBITDA में 50.66% का शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली और ये 13.80 करोड़ रुपये पहुंच गया। जबकि मुनाफा 69.55% उछलकर 7.46 करोड़ रुपये रहा है। इस कंपनी ने बीते 10 साल में 24% CAGR के हिसाब से मुनाफा बनाया है। जबकि बीते 5 साल में 32.8% CAGR से मुनाफा कमाया है।
लेकिन कंपनी के वैल्युएशन की बात करें, तो ये काफी ज्यादा महंगी है।

- इसका स्टॉक P/E 66.2 है। जबकि इसकी दूसरी IT कंपनियां जैसे कि TCS और Infosys का PE 22-23 के करीब है। इस लिहाज से ये स्टॉक काफी महंगा लगता है।
- इसका PEG 1.3 है, यानी ये ज्यादा महंगा नहीं है, ठीक ठाक है। मतलब हाई PE अच्छी ग्रोथ की उम्मीद से जस्टिफाई हो रहा है।
- बुक वैल्यू ₹114 है, यानी P/B रेश्यो करीब 11 गुना निकलता है। जो कि काफी हाई है। यानी कि मार्केट बुक वैल्यू से कहीं ज्यादा प्रीमियम दे रहा है।
ये आर्टिकल किसी भी तरह से किसी भी शेयर में खरीदने, बेचने की सलाह नहीं है। ये सिर्फ डेटा और तथ्यों पर आधारित है, आपकी जानकारी बढ़ाने के लिए। निवेश का फैसला अपने निवेश सलाहकार से मशवरा करके करें.
Twitter – https://x.com/SumitResearch
Insta – Mehrotra Sumit (@sumitresearch)
Youtube – https://www.youtube.com/@Sumitresearch
















Leave a Reply