सस्ता नहीं, प्रीमियम चाहिए; बदल गया भारतीयों का ऑनलाइन शॉपिंग स्टाइल!

How India Shops Online 2026: India’s 180 Billion dollar E-Retail Roadmap Beyond the Metro Cities Decoding the 'Premiumization' Wave

आपने जरूर गौर किया होगा कि अब आपके पड़ोस की किराना दुकान हो या टियर-2 शहर का कोई छोटा सा कस्बा, हर जगह डिलीवरी बॉयज़ की भीड़ बढ़ती जा रही है. ये महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि 65 बिलियन डॉलर की एक ऐसी डिजिटल क्रांति है, जिसने पिछले 5 साल में हर रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

Bain & Company और Flipkart की ताज़ा रिपोर्ट ‘How India Shops Online 2026’ की ताज़ा रिपोर्ट गवाह है कि भारत अब सिर्फ दुनिया की दुकान नहीं, दुनिया का सबसे बड़ा ‘शॉपिंग अड्डा’ बन चुका है. ये तरक्की सिर्फ नंबरों की नहीं है, ये एक नई खरीदारी संस्कृति का जन्म है. इस रिपोर्ट से पता चलता है कि भारत में ई-रिटेल का भविष्य अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ये देश के हर कोने में एक नई क्रांति लेकर आ रहा है. हमने 35 पन्नों की इस भारी-भरकम रिपोर्ट का कच्चा-चिट्ठा आपके लिए सिर्फ 5 पॉइंट्स में समेटा है.

भारत एक नया कंजम्पशन पावरहाउस

भारत वैश्विक स्तर पर कंजम्पशन के सबसे बड़े इंजनों में से एक बनकर उभरा है. अगले 5 साल में दुनिया भर में होने वाले कुल खपत खर्च के हर 8 डॉलर में से 1 डॉलर भारत से आएगा. हालांकि भारत का ऑनलाइन मार्केट अभी छोटा है, ये हमारी GDP का सिर्फ 1.6% है, जबकि इंडोनेशिया में ये 4%–4.5% और चीन में 13%–14% है. इसका मतलब है कि भारत में अभी आगे बढ़ने का बहुत मौका है.

आने वाले समय में ये मार्केट हर साल 20% से ज्यादा की रफ्तार से बढ़ने वाला है. उम्मीद है कि 2030 तक कुल रिटेल खर्च का 10% से 12% हिस्सा ऑनलाइन होगा. अगले 50 करोड़ संभावित खरीदार पहले से ही इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं. अभी सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले हर तीन में से सिर्फ एक व्यक्ति ही ऑनलाइन शॉपिंग करता है, जो दूसरे देशों के मुकाबले काफी कम है. भारत में प्रति व्यक्ति आय $4,000 के पार जा रही है. दुनिया भर का ट्रेंड रहा है कि इस लेवल पर पहुंचते ही लोग ऑनलाइन शॉपिंग पर ज्यादा खर्च करने लगते हैं. इसलिए भारत भी इससे अछूता नहीं रहेगा. यानी आने वाला समय भारत का है.

Gen Z और भारत: नई पीढ़ी, नया अंदाज़

2020 में भारत में करीब 14 करोड़ ऑनलाइन शॉपर थे. 2025 में यही संख्या 29–30 करोड़ तक पहुंच गई, यानी पांच साल में ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले दोगुना हो चुके हैं. इसमें सबसे बड़ा रोल है, 1997–2012 के बीच जन्म लेने वाले Gen Z का, जो कि ई-रिटेल में 40–45% हिस्सा रखते हैं. 2025 में हुए नए ऑर्डर्स में भी इनकी हिस्सेदारी करीब आधी रही, लेकिन इनकी खरीदारी का तरीका बाकियों से बिल्कुल अलग है. ये सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, वीडियो फीड्स और ‘इंस्टेंट क्रेडिट’ के आधार पर खरीदारी करना पसंद करते हैं. मेट्रो शहरों में Gen Z का खर्च बाकियों से 2.5 गुना तेज़ी से बढ़ा है.

शॉपिंग में छोटे शहरों का जलवा

ऑनलाइन शॉपिंग अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह गई है, 2025 में टियर 2+ शहरों ने सारे रिकॉर्ड्स तोड़ डाले हैं. रिपोर्ट बताती है कि 2025 में ई-रिटेल के कुल ऑर्डर्स में से लगभग आधे ऑर्डर्स ‘भारत’ यानी टियर 2 और उससे छोटे शहरों से आए हैं. जबकि यहां इंटरनेट यूज़र्स में शॉपर पेनेट्रेशन सिर्फ 25–30% है, मेट्रो/टियर-1 में यही आंकड़ा 45–50% है.

ई-रिटेल ने शॉपिंग का डेमोक्रेटाइजेशन कर दिया है. नए खरीदारों में से 65% और नए सेलर्स का एक बड़ा हिस्सा इन्हीं छोटे शहरों से आ रहा है. छोटे शहरों की ये तरक्की कोई इत्तेफाक नहीं, नेशनल हाईवे नेटवर्क 60% बढ़ा, UPI पेमेंट्स का 55% हिस्सा अब टियर 2+ से आता है, और इन शहरों में क्रेडिट कार्ड स्पेंड 4 गुना बढ़ा. सेलर बेस तो और भी तेज़ी से बढ़ा, 2020 की तुलना में 3 गुना हुआ है. टियर 2+ शहरों के सेलर तो 4 गुना हो गए हैं.

प्रीमियमाइज़ेशन: सस्ता नहीं, क्वालिटी चाहिए

भारतीय ऑनलाइन शॉपर अब सस्ते के पीछे नहीं, क्वालिटी के पीछे भाग रहा है. 2023 से 2025 के बीच मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और अप्लायंसेज़ की औसत बिक्री कीमत 10–20% बढ़ी. टीवी की बात करें तो 55 इंच से बड़े टीवी की बिक्री 1.7 गुना हो गई. लोग अब बड़ा स्क्रीन चाहते हैं. स्नीकर्स में Tommy Hilfiger, Nautica जैसे प्रीमियम ब्रांड्स की हिस्सेदारी 1.3 गुना बढ़ी. ये बदलाव सिर्फ अमीरों का नहीं है, घरेलू आमदनी के बढ़ने की वजह से मिडिल क्लास भी अब प्रीमियम चीजें खरीद रहा है. जैसे-जैसे GDP प्रति व्यक्ति आय $4,000 के करीब पहुंच रही है, ये ट्रेंड और तेज़ होगा.

क्विक कॉमर्स दुनिया बदल रही है

भारत अब दुनिया में क्विक-कॉमर्स यानी 30 मिनट में डिलीवरी का ग्लोबल लीडर है. 2025 में इसका GMV $10–11 बिलियन तक पहुंच गया. Blinkit, Swiggy Instamart, Zepto, Flipkart Minutes जैसे प्लेयर्स ने न सिर्फ घर का राशन लाने का स्टाइल बदला बल्कि पूरी खरीदारी की आदत बदल दी. क्विक-कॉमर्स ने ई-ग्रॉसरी की पहुंच को 5 गुना बढ़ा दिया. मेट्रो शहरों में ऑनलाइन ग्रॉसरी का हिस्सा अब 6–7% हो गया है. चौंकाने वाली ये है कि अब लोग सिर्फ राश नहीं मंगाते बल्कि मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य जरूरी सामान भी ‘क्विक डिलीवरी’ के जरिए मंगाने लगे हैं, जिससे ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है. उम्मीद है कि इस दशक के अंत यानी 2030 तक क्विक-कॉमर्स मार्केट $65–$70 बिलियन तक पहुंच जाएगा. ई-रिटेल मार्केट में होने वाली कुल GMV में 45%–50% हिस्सा अकेले क्विक-कॉमर्स का होगा. 2030 तक ई-रिटेल का हर दूसरा रुपया क्विक-कॉमर्स से आएगा.

‘How India Shops Online 2026’ रिपोर्ट सिर्फ ये नहीं बताती कि हम क्या खरीद रहे हैं, बल्कि ये दिखाती है कि एक राष्ट्र के रूप में हम कितनी तेज़ी से डिजिटल मैच्योरिटी की ओर बढ़ रहे हैं. $4,000 की प्रति व्यक्ति आय की दहलीज पर खड़ा भारत अब केवल ‘जरूरत’ के लिए नहीं, बल्कि ‘इच्छओं’ और ‘सुविधा’ के लिए क्लिक कर रहा है. चाहे वह टियर-2 शहरों का उभरता भरोसा हो या क्विक कॉमर्स की रफ़्तार. ई-रिटेल अब हमारी लाइफस्टाइल का अटूट हिस्सा बन चुका है. एक निवेशक और कंज्यूमर के तौर पर समझने वाली बात यह है कि आने वाले 5 साल पिछले 50 सालों से बड़े बदलाव लेकर आएंगे. तो सवाल अब यह नहीं है कि भारत ऑनलाइन शॉपिंग करेगा या नहीं, सवाल यह है कि क्या आपका बिजनेस और आपका पोर्टफोलियो इस $180 बिलियन की डिजिटल सुनामी के लिए तैयार है?

ये भी पढ़ें –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *