US-Israel-Iran War: इन 10 स्टॉक्स की होती है मिडिल ईस्ट से कमाई, अब हुई पिटाई! क्या आपके पास हैं ये शेयर

10 stocks face Middle East exposure risk

अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग और तेज होती जा रही है, ये युद्ध कब तक चलेगा, ये कहना अभी मुश्किल है. ये ऐसा युद्ध है जिसमें दुनिया की वो शक्तियां शामिल हैं, जिनसे दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं की डोर बंधी है. जो पूरी दुनिया में एक कंट्रोलिंग पावर रखती हैं. इसका असर पूरी दुनिया पर हमें देखने को मिल रहा है, सबसे ज्यादा मिडिल ईस्ट में हम देख रहे हैं. ईरान ने गल्फ देशों सऊदी अरब, UAE, क़तर, कुवैत, ओमान और बहरीन में भी हमले किए हैं. वक्त के साथ ये जंग और भी घातक होती जा रही है. जिसने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया है. अमेरिका और इज़रायल के ईरान पर हमलों के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने की आशंका से तेल की कीमतें 8-10% बढ़ गई हैं, जो भारत जैसे ऑयल इंपोर्टर के लिए बहुत बड़ा खतरा है. भारत का 40% कच्चा तेल और 38% रेमिटेंस इसी क्षेत्र से आता है, जबकि 17% एक्सपोर्ट भी इसी रूट से होता है.

इस जंग से भारत का भले ही सीधे तौर पर कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन व्यापार के मोर्चे पर गल्फ देश भारतीय कंपनियों के लिए एक बड़ा बाज़ार है. ज़ाहिर है, वहां पर किसी भी तरह की उथल-पुथल या तनाव भारतीय कंपनियों के लिए नुकसानदेह साबित होगा. हम आपको उन कंपनियों के बारे में बताने जा रहे हैं जो खाड़ी देशों से एक बड़ा रेवेन्यू हासिल करती हैं और अब जैसा माहौल बन रहा है, उनके लिए रेवेन्यू रिस्क है.

  1. BLS International Services Ltd (40% राजस्व खाड़ी से)
    कंपनी की ज्यादातर आय मिडिल ईस्ट की सर्विसेज से आती है. जो कि करीब 39%-40% के करीब होती है. जिसमें UAE, सऊदी अरब और बाकी GCC देश शामिल हैं. अगर मिडिल ईस्ट में तनाव लंबा चला, तो BLS इंटरनेशनल की कमाई पर असर पड़ सकता है. हालांकि ये अपनी सेवाएं साउथ अफ्रीका, यूरोप, नॉर्थ अमेरिका और एशिया पैसिफिक में भी देती है. इसने हाल ही में साइप्रस और स्लोवाकिया के साथ भी कॉन्ट्रैक्ट्स किए हैं.
  2. KRBL Ltd : 36%
    इंडिया गेट ब्रैंड बासमती चावल के लिए मशहूर KRBL का भी मिडिल ईस्ट में अच्छा खासा एक्सपोज़र है. अगर गल्फ देशों में हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो इसके रेवेन्यू पर असर पड़ना तय है. राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन की राज्य इकाई के अध्यक्ष, सुशील कुमार जैन ने PTI को बताया “संघर्ष का असर पहले ही शुरू हो चुका है. शिपमेंट तब तक अटके रहेंगे जब तक स्थिति सुधर नहीं जाती, और यह बाजार पर असर डालेगा. भुगतान में भी देरी हो सकती है.” आज ये शेयर इंट्राडे में 5.5% टूटकर 320.95 रुपये तक लुढ़क गया था, लेकिन बाद में हल्की रिकवरी के साथ 2.84% की गिरावट के साथ 330 रुपये पर बंद हुआ.
  3. LT Foods Ltd: 9%
    दावत जैसे ब्रैंड के लिए LT Foods जानी जाती है. गल्फ देशों में इसका रेवेन्यू एक्सपोज़र सिर्फ 8% के करीब है, लेकिन जो शेयर की पिटाई हुई है, वो कहीं ज्यादा है. ये आज यानी 2 मार्च, 2026 को करीब 10.5% तक टूटकर 360 तक गया. हालांकि बाजार बंद होते होते रिकवरी आई और ये 5.49% की गिरावट के साथ 380.20 पर बंद हुआ. कंपनी ने फरवरी में कहा था कि अप्रैल और दिसंबर के दौरान ओवरऑल रेवेन्यू में मिडिल ईस्ट का हिस्सा 9% था.
  4. Larsen & Toubro Ltd: 35%
    L&T का मिडिल ईस्ट में काफी बड़ा रेवेन्यू एक्सपोज़र है. जहां इंटरनेशनल ऑपरेशंस ने इसके Q3 FY26 रेवेन्यू में 54% योगदान दिया. कंपनी ने हाल के वर्षों में इस क्षेत्र से काफी बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर के कॉन्ट्रैक्ट्स हासिल किए हैं, क्योंकि यहां की सरकारें इंफ्रा में काफी पैसा झोंक रही हैं. मगर, मिडिल ईस्ट के बढ़ते तनाव की वजह से इंट्राडे में आज ये 7% से ज्यादा टूटकर 3,975.40 पर आ गया.
  5. VA Tech Wabag Ltd: 16%
    VA Tech Wabag पश्चिम एशिया में बड़े पानी के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स चला रही है, जिसमें सऊदी अरब में 200 MLD अल हाएर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रोजेक्ट और 300 MLD यंबू डिसैलिनेशन प्लांट शामिल हैं. कंपनी का गल्फ देशों से 16% रेवेन्यू आता है. मिडिल ईस्ट में तनाव की खबर के चलते ये शेयर आज इंट्राडे ट्रेडिंग में 12% से ज्यादा टूटा.
  6. Maruti Suzuki India Ltd: 12.5%
    मारुति सुजुकी इंडिया का अप्रैल-फरवरी FY26 में सालाना एक्सपोर्ट 33.75% बढ़कर 4,00,734 यूनिट हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 2,99,617 यूनिट था. कंपनी ने पहले ही अपना पूरे साल का एक्सपोर्ट टारगेट हासिल कर लिया है. कंपनी हालांकि दुनिया के कई देशों में अपनी कारों को एक्सपोर्ट करती है. जिसमें यूके, जर्मनी, नॉर्वे, डेनमार्क, स्विट्जरलैंड, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं. कंपनी का कुछ एक्सपोज़र मिडिल ईस्ट में भी है. जैसे- सऊदी अरब, UAE, कुवैत, ओमान और कतर को एक्सपोर्ट करती है. कंपनी का कहना है कि मिडिल ईस्ट का एक्सपोर्ट कुल एक्सपोर्ट का करीब 12.5% हैं, यानी अप्रैल-फरवरी FY26 में करीब 50,000 यूनिट गल्फ देशों में भेजी गईं. मगर शेयर आज बेतहाशा टूटा, इंट्राडे में ये 4.4% टूटकर 14,204 तक लुढ़क गया.
  7. Kalyan Jewellers India Ltd: 12%
    ज्वेलरी रिटेलर कल्याण ज्वेलर्स अपनी कुल कमाई का लगभग 12% हिस्सा मिडिल ईस्ट से हासिल करती है. दिसंबर तक, कंपनी इस गल्फ क्षेत्र में 36–38 स्टोर चला रही थी और आगे विस्तार की योजना बना रही है. मगर, ये तनाव अगर लंबा चला तो कंपनी की योजनाओं में देरी हो सकती है. इंट्राडे में ये शेयर आज 3% से ज्यादा टूटकर 390 रुपये तक लुढ़क गया.
  8. Kalpataru Projects Int Ltd: 11%
    कल्पतरु प्रोजेक्ट्स की कुल ऑर्डरबुक का करीब 11% हिस्सा मिडिल ईस्ट से आता है, जिसकी वैल्यू करीब 63,000 करोड़ रुपये है. कंपनी इस क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी भी है. इंट्राडे में ये कंपनी का शेयर 6% से ज्यादा टूट गया.
  9. Ashok Leyland Ltd: 7%
    अभी पिछले महीने ही खबर आई थी कि मिडिल ईस्ट में अशोक लेलैंड अपनी UAE बेस्ड सब्सिडियरी कंपनी के जरिए सऊदी अरब में एक असेंबली फैसिलिटी लगा रही है. ये कदम वहां से आ रही डिमांड और लागत को देखते हुए उठाया जा रहा है. यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि UAE के रास अल खैमाह प्लांट ने पहले ही अपनी स्थापित क्षमता 6,000 यूनिट प्रति वर्ष को पार कर लिया है. इससे अंदाजा लगा सकते हैं कि अशोक लेलैंड की मिडिल ईस्ट को लेकर क्या योजनाएं हैं. बाकी अभी रेवेन्यू वहां से काफी सीमित आता है.
  10. Titan Company Ltd: 8%
    टाइटन कंपनी का एक छोटा हिस्सा गल्फ देशं से आता है जो कि तकरीबन 8-10% का है. इंट्राडे में शेयर 3% से ज्यादा टूटकर 4,193 तक आ गया.

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए लिखा गया है। इसमें जिन शेयरों और कंपनियों का जिक्र किया गया है, वे उनके पिछले प्रदर्शन और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है और पिछले रिटर्न भविष्य की गारंटी नहीं होते। निवेश से पहले निवेशकों को अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह लेनी चाहिए या खुद स्वतंत्र रिसर्च करनी चाहिए। लेखक किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे।

Twitter – https://x.com/SumitResearch

Insta – Mehrotra Sumit (@sumitresearch)

Youtube – https://www.youtube.com/@Sumitresearch

Facebook – https://www.facebook.com/sumitresearch/

Blog – https://sumitresearch.com/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *