कोरिया के शेयर बाजार में आखिर चल क्या रहा है? बुधवार को KOSPI 12% से ज्यादा टूट गया, लेकिन आज गुरुवार को इंडेक्स एक बार फिर 10% से ज्यादा की मज़बूती के साथ ट्रेड करता हुआ दिखाई दिया, पूरी दुनिया के ट्रेडर्स के माथे पर बल पड़ गए कि कोरिया का बाज़ार तेजी के घोड़े पर सवार था, अचानक से उसमें इतनी बड़ी गिरावट आई कैसे.
दरअसल, कोरिया का बाज़ार क्रैश हुआ, सबने देखा, मगर कोई ये नहीं देख पाया कि AI सप्लाई चेन का संकट भी है, जो इसके अंदर छिपा हुआ है. अभी शायद आपको ये तर्क थोड़ा अटपटा लग रहा होगा, लेकिन आर्टिकल में जो आप पढ़ने जा रहे हैं, उसके बाद आपका सोच बदल जाएगी.
कोरिया का बाजार टूटा, सबने क्या समझा?
बीते दिनों हुआ क्या? महज़ 48 घंटे में कोरियाई इंडेक्स KOSPI 15% तक टूट गया, 576 दिनों बाद पहली बार सर्किट ब्रेकर्स ट्रिगर हुए, केवल एक सेशन में ही 270 बिलियन डॉलर बाजार से साफ हो गए. Samsung 10% गिरा, SK Hynix 12% तक टूट गया. दुनिया का सबसे हॉट स्टॉक मार्केट ऑल-टाइम हाई 6,300 के ऊपर से दो ट्रेडिंग दिनों में गिरकर 5,300 से नीचे चला गया. सब लोग यही मानकर चले कि जियोपॉलिटिक्स इसका जिम्मेदार है. ईरान के हमले, होर्मुज बंद होने का खतरा, क्रूड ऑयल का 80 डॉलर के पार निकल जाना, सारी कहानी इसके इर्द-गिर्द ही बुनी जाने लगी. मगर ये तो सिर्फ सतही बातें थीं, कुछ ऐसा था, जिस पर किसी की नज़र नहीं पड़ रही थी.
इसको लेकर दुनिया भर के एनालिस्ट ने माथापच्ची की और जो कुछ बातें निकलकर सामने आई हैं, वो मैं आपको बताने जा रहा हूं.
कोरिया, AI, चिप और डेटा सेंटर का तानाबाना
कोरिया की दो दिग्गज कंपनियां Samsung और SK Hynix मिलकर दुनिया के DRAM (Dynamic Random Access Memory) प्रोडक्शन का 67% कंट्रोल करती हैं, और हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) के रेवेन्यू में इनका हिस्सा लगभग 80% है. DRAM नॉर्मल मेमोरी चिप्स हैं जो कंप्यूटर्स, सर्वर्स, स्मार्टफोन्स में इस्तेमाल होती हैं.
HBM एक स्पेशल, हाई-स्पीड मेमोरी है जो खासतौर पर AI डेटासेंटर्स और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, जैसे NVIDIA के GPU, Google TPU में इस्तेमाल होती है. AI चिप्स के लिए यह बहुत क्रिटिकल है क्योंकि यह तेज डेटा ट्रांसफर देती है. ये मान लीजिए कि HBM इस वक्त धरती पर जितने भी AI डेटा सेंटर्स बन रहे हैं, उनके लिए ऑक्सीजन है.
आजकल बनने वाली हर NVIDIA Blackwell GPU, हर Google TPU और हर बड़ी क्लाउड कंपनी जैसे Google, Amazon, Microsoft, Meta के डेटासेंटर एक्सपेंशन के लिए जरूरी हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) सिर्फ साउथ कोरिया में बनाई जाती है. मतलब, दुनिया की ज्यादातर AI मेमोरी (HBM) और नॉर्मल DRAM प्रोडक्शन इन दो कंपनियों पर निर्भर है, अगर इनकी सप्लाई में कोई समस्या आई तो ग्लोबल AI बिल्डआउट यानी डेटा सेंटर एक्सपेंशन रुक सकता है या महंगा हो सकता है.
यानी कोरिया का मार्केट क्रैश सिर्फ कोरिया की समस्या नहीं है, ये दुनिया भर में AI के लिए बन रहे बड़े-बड़े डेटासेंटर और सिस्टम्स की सबसे बड़ी कमजोरी का पहला स्ट्रेस टेस्ट है. जिस तेजी से दुनिया में AI ग्रोथ दिख रही है, इसके लिए मेमोरी चिप्स की भारी डिमांड है, ये चिप्स 2026 में 440 बिलियन डॉलर से ज्यादा का बाजार बनने वाले हैं, लेकिन ये चिप्स बड़े पैमाने पर सिर्फ दक्षिण कोरिया में बनी फैब्स में बनती हैं.
बिन बिजली सब सून
अब आई, सबसे बड़ी दिक्कत, वो ये कि फैब्स बिना बिजली के नहीं चल सकतीं, और कोरिया अपनी 97-98% एनर्जी जिसमें तेल और LNG दोनों ही शामिल है, वो इंपोर्ट करता है. वो भी होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से, जिसे ईरान ने बंद कर रखा है. अगर वहां से ऑयल/LNG की सप्लाई रुक गई, तो कोरिया की फैब्स बंद हो सकती हैं, मेमोरी चिप्स की कमी हो जाएगी, और पूरी दुनिया का AI बिल्डआउट रुक सकता है या बहुत देर हो सकती है, NVIDIA, Google, Microsoft के बड़े बड़े प्रोजेक्ट्स के मुश्किल खड़ी हो सकती है.
बफर स्टॉक नहीं, सप्लाई संकट सामने
अब देखिए दूसरी बड़ी दिक्कत, दुनिया भर में DRAM का स्टॉक सिर्फ 2-3 हफ्ते का बचा है और NAND जो SSD, फ्लैश मेमोरी में इस्तेमाल होता है, इसका स्टॉक 3-4 हफ्ते का ही बचा है, कोई बफर स्टॉक नहीं है, यानी कि सप्लाई के लेवल पर मामला टाइट है. अगर, ईश्वर न करे होर्मुज स्ट्रेट की दिक्कत एक महीने से ज्यादा चली, तो कोरिया की फैब्स में प्रोडक्शन कम करना पड़ेगा, क्योंकि बिना एनर्जी के फैक्टरियां नहीं चल सकतीं. इससे मेमोरी चिप्स की कमी हो जाएगी, और AI बिल्डआउट की टाइमलाइन पीछे खिसक जाएगी.
मार्केट ये उम्मीद लगाए था कि कोरियन सेमीकंडक्टर शेयरों में 50% YTD की रैली देखने को मिलेगी. क्योंकि वो ये मान चुका था कि AI की डिमांड कभी खत्म नहीं होगी और सप्लाई हमेशा गारंटीड रहेगी, मगर, सप्लाई के मोर्चे पर ही कैलकुलेशन गड़बड़ा गई, क्योंकि एनर्जी सप्लाई के संकट को किसी ने सोचा ही नहीं था.
निवेशकों ने बदला नज़रिया
अब जरा, एक और तस्वीर पर नज़र डालिए, एक ओर कोरिया के बाज़ार क्रैश हुए तो दूसरी ओर डिफेंस सेक्टर के शेयरों की अलग ही कहानी चल पड़ी, Hanwha Aerospace का शेयर 20% उछल गया और LIG Nex1 30% तक चढ़ गया. इसका मतलब ये है कि निवेशक कोरिया से अपना बोरिया बिस्तर समेटकर कहीं और नहीं फरार हो रहे, बल्कि उन्होंने अपना नज़रिया बदल लिया है.
पहले वो मानते थे कि एनर्जी की समस्या का निपटारा हो चुका है और बिल्कुल गारंटीड है, चिंता नको. मगर, अब वे समझ गए हैं कि एनर्जी ही वो इकलौता फैक्टर है, जिस पर AI का भविष्य टिका है. इसमें ज़रा सा ऊपर-नीचे हुआ और मामला धड़ाम हो जाएगा.
तो अब आगे क्या, नज़र कहां रहेगी
- अगर कच्चा तेल दो हफ्ते से ज्यादा $85 के ऊपर बना रहा, तो सेमीकंडक्टर बनाने की लागत इतनी बढ़ जाएगी कि कंपनियों के मॉडल ढहने लगेंगे.
- अगर होर्मुज स्ट्रेट का मसला अप्रैल तक चला, तो 2026 के दूसरे हाफ में HBM की डिलिवरी की टाइमलाइन पर भरोसा नहीं किया जा सकेगा
- अगर विदेशी निवेशक हर सेशन में 5 ट्रिलियन वॉन की रफ्तार से बेचते रहे, तो कोरियाई करेंसी और गिरेगी, इंपोर्ट महंगा होगा. ये इतनी तेजी से होगा कि सेंट्रल बैंक इसे रोक भी नहीं पाएगा
अगर मिडिल ईस्ट में चल रही जंग 10 दिनों में खत्म हो जाए, तेल की कीमत $75 से नीचे लौट आए, तो ये KOSPI क्रैश साल का सबसे अच्छा खरीदने का मौका साबित होगा. यह सच में हो सकता है. लेकिन जो कमजोरी सामने आई है, वो सीजफायर से खत्म नहीं होगी.
कोरिया के फैब्स अभी भी एनर्जी पर पूरी तरह निर्भर हैं, ये स्ट्रक्चरल निर्भरता बनी रहेगी. अब पूरी दुनिया को पता चल गया है कि AI का भविष्य एक छोटे-से समुद्री रास्ते पर टिका है, यह खतरा हमेशा रहेगा.
















Leave a Reply