Promoters Buying Stocks: छोटे शेयरों में प्रमोटर्स की बड़ी खरीदारी! 5 स्मॉलकैप कंपनियों का एनालिसिस

Why Promoters are Buying into These 5 Smallcap Stocks a deep analysis

स्टॉक मार्केट में प्रमोटर्स की खरीदारी को हमेशा एक मजबूत संकेत माना जाता है. जब कंपनी के प्रमोटर्स खुद अपने शेयर खरीदते हैं, तो इससे पता चलता है कि उन्हें अपने बिज़नेस और भविष्य पर भरोसा है. हाल ही में कई स्मॉलकैप कंपनियों में प्रमोटर्स ने हिस्सेदारी बढ़ाई है, जो निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है. मगर याद रहे कि प्रमोटर्स की खरीदारी कई दूसरे कारणों से भी हो सकती है, प्रमोटर्स की खरीदारी हमेशा अच्छी हो, ऐसा नहीं है. इसलिए किसी भी शेयर में खरीदारी करने का फैसला करने से पहले पूरी जांच परख जरूरी है.

यहां पर 5 स्मॉलकैप शेयरों के बारे में एक डेटा एनालिसिस है, जिनमें प्रमोटर्स ने खरीदारी की है. ये डेटा कई जगह से कलेक्ट किया गया है, किसी भी तरह से इन शेयरों में खरीदारी या बिक्री की सलाह नहीं है, ये सिर्फ आपकी जागरुकता बढ़ाने के लिए है, अगर आपके पास ये शेयर हैं, तो आपको फैसला लेना चाहिए कि आपको आगे क्या करना है, ये सिर्फ आपको फैसला लेने में मदद करने के लिए लिखा गया है. क्योंकि अमूमन ये जानकारियां आपको सामान्य न्यूज प्लेटफॉर्म पर एक साथ उपलब्ध नहीं होती हैं.

1: Diamines & Chemicals Ltd.

ये कंपनी ऑर्गेनिक केमिकल्स कंपाउंड की मैन्युफैक्चरिंग और मार्केटिंग के बिज़नेस में है. इस शेयर में 27–30 मार्च के आसपास कई प्रमोटर्स ने ओपन मार्केट में शेयर खरीदे हैं. ये खरीदारी किसी एक प्रमोटर की तरफ से नहीं हुई है, बल्कि कई प्रमोटर्स ने अलग अलग समय पर की है. जिसका ब्यौरा नीचे दिया गया है.

  • Mohak Mehta: ₹231.5 पर खरीद
  • Harsh Mehta: ₹229 के आसपास
  • Cherry Mehta: ₹227 के आसपास
  • Amit Mehta: ₹229 के आसपास
  • Pinakin Patel: ₹220 के करीब

जिसे देखकर समझ आता है कि छोटे-छोटे कई ट्रांजैक्शन हुए, जो लगातार खरीदारी को दिखाते हैं. इसको आप एक सिंगल बल्क डील की तरह नहीं लेकिन एक सिस्टमैटिक खरीदारी की तरह देख सकते हैं. जब प्रमोटर्स ने इसमें खरीदारी शुरू की थी, तब ये शेयर 215-217 रुपये के इर्द-गिर्द था, फिलहाल ये 240 रुपये के आस-पास ट्रेड कर रहा है.

हालांकि इस शेयर को लेकर निवेशकों को थोड़ा सतर्क रहने की भी ज़रूरत है. NSE की वेबसाइट पर Diamines & Chemicals के लिए दो चीजें लिखी हुई हैं. जिसको नीचे समझाया गया है.

1- पिछली 4 तिमाहियों को मिलाकर कंपनी का EPS जीरो या निगेटिव रहा है. मतलब, EPS ये बताता है कि कंपनी ने प्रति शेयर कितना मुनाफा कमाया है. अगर ये ‘Zero’ है, तो इसका मतलब है कि पिछले एक साल में कंपनी ने या तो कोई मुनाफा नहीं कमाया या वह घाटे में रही है. यानी कंपनी की प्रॉफिटेबिलिटी फिलहाल कमजोर है.

2- बीते 30 दिनों में 100 से भी कम यूनीक PAN ने ट्रेड किया है. ये शेयर की लिक्विडिटी यानी खरीद-फरोख्त की सक्रियता को दर्शाता है. पिछले 30 दिनों के दौरान, इस शेयर को खरीदने या बेचने वाले कुल यूनीक लोगों की संख्या 100 से भी कम रही है. जब किसी शेयर में 100 से कम लोग ट्रेड कर रहे हों, तो उसे ‘Illiquid Stock’ माना जाता है. ऐसे शेयरों में समस्या ये होती है कि अगर आप बड़ी मात्रा में शेयर बेचना चाहें, तो आपको खरीदार आसानी से नहीं मिलते.

2: Electrosteel Castings

इलेक्ट्रोस्टील कास्टिंग्स (Electrosteel Castings) की प्रमोटर्स ग्रुप की अलग अलग संस्थाओं ने मार्च 2026 के आखिरी हफ्ते में ओपन मार्केट से बड़ी मात्रा में शेयरों की खरीदारी की है.

Badrinath Industries
27 मार्च 2026: 20.09 लाख शेयर 79.99 रुपये के भाव पर खरीदे. कुल वैल्यू लगभग 16.07 करोड़ रुपये थी.
25 मार्च 2026: 11.37 लाख शेयर 79.99 रुपये के भाव पर खरीदे, कुल वैल्यू लगभग 8.84 करोड़ रुपये थी

इन दो बड़ी खरीदारियों के बाद बद्रीनाथ इंडस्ट्रीज की कंपनी में सीधी हिस्सेदारी बढ़कर 0.51% हो गई है.

Electrosteel Thermal Coal
20 मार्च 2026: 6 लाख अतिरिक्त शेयर 75.64 रुपये के भाव पर खरीदे, कुल वैल्यू लगभग 4.54 करोड़ रुपये थी

इस खरीदारी के बाद इस संस्था की हिस्सेदारी 3.32% से बढ़कर 3.41% हो गई.

जब प्रमोटर्स ने इसमें खरीदारी शुरू की थी, तो ये 70-71 रुपये के आस-पास था, फिलहाल ये 78-80 रुपये के करीब है.

3: Gem Aromatics

Gem Aromatics मुख्य रूप से अरोमैटिक केमिकल्स और सॉल्वेंट्स के कारोबार में है. इस कंपनी के प्रमोटर्स ने पूरे मार्च के महीने में ही अपनी ही कंपनी के शेयरों को खरीदा है. हर 2-4 दिन के अंतर पर प्रमोटर्स ने शेयर खरीदे हैं.

  • Yash Parekh: डेटा के मुताबिक इन्होंने 24 मार्च और 25 मार्च को 2.25 लाख शेयर खरीद हैं, 156-157 रुपये के भाव पर. जिससे इनकी हिस्सेदारी बढ़कर 9.11% हो गई है
  • Kaksha Vipul Parekh: मार्च में इन्होंने कई बार शेयर खरीदे और अपनी हिस्सेदारी को बढ़कार 9.38% कर लिया है. आखिरी डील 172 रुपये के भाव पर की गई

प्रमोटर्स ने क्यों खरीदे शेयर
प्रमोटर्स की खरीदारी की कुछ वजहें सामने आईं हैं. कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए नए निवेश कर रही है, जिसका फायदा आने वाली तिमाहियों में मिल सकता है, और लंबे समय के दबाव के बाद स्पेशलिटी केमिकल सेक्टर में रिकवरी के संकेत मिल रहे हैं. प्रमोटर्स शायद इस तेजी का फायदा पहले उठाना चाहते हैं.

हालांकि जिस भाव पर प्रमोटर्स ने शेयर खरीदे हैं, शेयर उस भाव से थोड़ा नीचे फिसल चुका है.

4: Indegene Ltd

कंपनी लाइफ लाइंस और हेल्थ केयर ऑर्गनाइजेशंस को एनालिटिक्स, टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस मुहैया कराती है और कमर्शियल, मेडिकल और रेगुलेटरी-सेफ्टी सर्विसेज भी देती है.

कंपनी की एक सीनियर अधिकारी और रिश्तेदार अनिता नायर ने बाजार से शेयर खरीदे हैं. 19 मार्च को ये खरीदारी 450 रुपये के भाव पर की गई, कुल 22,230 इक्विटी शेयर खरीदे हैं. इस खरीदारी के बाद अनिता नायर की कंपनी में हिस्सेदारी बढ़कर 0.10% हो गई. इस ट्रांजैक्शन की जानकारी स्टॉक एक्सचेंज (SEBI Insider Trading Disclosure) को 24 मार्च 2026 को दी गई.

जब ये खरीदारी की गई, उस वक्त शेयर 440-445 रुपये के आस-पास ट्रेड कर रहा था, फिलहाल ये 470-472 रुपये के आस-पास है. मजे की बात ये है कि इस शेयर 23 मार्च 2026 को 414 रुपये का 52वीक लो बनाया था, और वहां से काफी ऊपर है.

5: Jindal Stainless

करीब 60,000 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली जिंदल स्टेनलेस ऑटोमोबाइल्स, रेलवे, कंस्ट्रक्शन और कंज्यूमर गुड्स इंडस्ट्रीज को स्टेनलेस स्टील फ्लैट प्रोडक्टस मुहैया कराने वाली एक बड़ी मैन्युफैक्चरर है.

प्रमोटर ग्रुप JSL Overseas Holding ने करीब करीब पूरे मार्च के महीने में ही छोटे-छोटे अंतराल में खरीदारी की है. जिससे इसकी होल्डिंग 16.73% से बढ़कर 17.12% हो गई है. 23 मार्च से लेकर 27 मार्च तक 706 रुपये से लेकर 721 रुपये के भाव पर खरीदारियां की गईं.

कंपनी ने हाल ही में अपनी क्षमता को 1.1 MTPA से बढ़ाकर 2.9 MTPA करने का लक्ष्य रखा है, प्रमोटर्स जानते हैं कि जब यह बढ़ी हुई क्षमता पूरी तरह चालू होगी, तो मुनाफे में भारी उछाल आएगा. ग्लोबल लेवल पर चीन से आने वाले सस्ते स्टील पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी की चर्चाएं भी कंपनी के मार्जिन के लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं.

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए लिखा गया है। इसमें जिन शेयरों और कंपनियों का जिक्र किया गया है, वे उनके पिछले प्रदर्शन और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है और पिछले रिटर्न भविष्य की गारंटी नहीं होते। निवेश से पहले निवेशकों को अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह लेनी चाहिए या खुद स्वतंत्र रिसर्च करनी चाहिए। लेखक किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे।

Twitter – https://x.com/SumitResearch

Insta – Mehrotra Sumit (@sumitresearch)

Youtube – https://www.youtube.com/@Sumitresearch

Facebook – https://www.facebook.com/sumitresearch/

Blog – https://sumitresearch.com/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *