क्या शुरू हो गया केमिकल सेक्टर में बड़ा अपसाइकल, शेयर 60-70% तक उछले; क्या है इस तेजी की वजह?

Chemical Sector Surge Temporary Bounce or an Early Sign of a Big Upcycle

बीते कुछ हफ्तों में केमिकल शेयरों ने जिस तरह से प्रदर्शन किया है, इसने निवेशकों के मन में एक उम्मीद जगा दी है. मार्च के निचले स्तरों से कई स्टॉक्स 50 से 60% तक ऊपर आ चुके हैं. ये ट्रेंड सेक्टर में बड़े उछाल की शुरुआती निशानियों की ओर इशारा कर रहा है, मगर सवाल यही कि ऐसा क्या हो गया? और मन में शंका भी कि कहीं हम जिसे एक नए अपसाइकल की शुरुआत मान रहे हैं वो सिर्फ एक टेक्निकल बाउंस तो नहीं. इसका जवाब जानने के लिए हमें देखना होगा कि बीते कुछ हफ्ते या महीने में इस सेक्टर में क्या हुआ है. हो सकता है उनमें से कुछ चीजें छोटी हों, लेकिन उनका असर बड़ा हो सकता है.

फीडस्टॉक सप्लाई में बढ़ोतरी

C3 (प्रोपेन) और C4 (ब्यूटेंस) जो कि पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री के लिए बेहद जरूरी मैटेरियल्स हैं, सरकार ने इनका आवंटन 25% बढ़ाकर 1,000 टन प्रतिदिन कर दिया है. ये कदम फार्मास्यूटिकल्स, पैकेजिंग और पॉलीमर मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर्स को सपोर्ट करने के लिए उठाया गया है, जो हाल के दिनों में सप्लाई चेन की गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे थे. 8 अप्रैल को 800 टन प्रतिदिन की पहले की बढ़ोतरी के बाद ये नया फैसला लिया गया है.

वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से ग्लोबल सप्लाई में रुकावट आने और मालभाड़ा की लागत बढ़ने से घरेलू केमिकल कंपनियों पर काफी दबाव था. मार्च में C3-C4 को पूरी तरह LPG प्रोडक्शन के लिए डायवर्ट करने के निर्देश के चलते पेट्रोकेमिकल मैन्युफैक्चरिंग पर असर पड़ा था.

कस्टम ड्यूटी में छूट

सरकार ने 2 अप्रैल 2026 को पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से सप्लाई में आई बाधाओं और बढ़ती वैश्विक कीमतों के जवाब में 30 जून 2026 तक लगभग 40 पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर कस्टम ड्यूटी पर पूरी तरह से छूट का ऐलान किया. जिन आइटम्स पर छूट दी गई, इसमें पॉलीप्रोपाइलीन, पॉलीस्टाइरीन, पॉलीओल्स, पॉलीब्यूटाडीन, स्टाइरीन-ब्यूटाडीन रबर और एनहाइड्रस अमोनिया जैसे बेहद जरूरी इंडस्ट्रियल इनपुट शामिल हैं, जो मैन्युफैक्चरिंग के कई क्षेत्रों के लिए जरूरी फीडस्टॉक के रूप में काम करते हैं. इसका मतलब ये है कि जो केमिकल मैन्युफैक्चरर्स हैं उनके लिए कच्चा माल तुरंत ही सस्ता हो गया, और जो जो कंपनियां इंपोर्टेड फीडस्टॉक पर निर्भर हैं, उनके मार्जिन में सुधार लगभग तय है.

ये केमिकल स्टॉक्स के लिए शॉर्ट टर्म में पॉजिटिव है क्योंकि

  • कच्चे माल की उपलब्धता बढ़ने से प्रोडक्शन रुकने का खतरा कम होगा
  • इंपोर्टेड फीडस्टॉक सस्ता हो जाएगा, जिससे मार्जिन पर दबाव घटेगा
  • पैकेजिंग, फार्मा, पॉलीमर सेक्टर में डिमांड मजबूत रहने से कंपनियों को बेहतर प्राइसिंग और वॉल्यूम का फायदा मिल सकता है

लंबे समय में यह भारतीय पेट्रोकेमिकल सेक्टर को 2030 तक क्षमता 29.62 मिलियन टन से बढ़ाकर 46 मिलियन टन करने और $84.4 बिलियन मार्केट बनाने के लक्ष्य की दिशा में मजबूती देगा, हालांकि इंपोर्ट पर निर्भरता और ग्लोबल प्राइस स्विंग अभी भी चुनौती बनी हुई है।

चीन की मुश्किल, भारत का मौका

ये केमिकल्स कंपनियों के लिए सबसे बड़े स्ट्रक्चरल ट्रिगर्स में से एक हो सकता है. अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड तनाव की वजह से चीन की कंपनियों की अमेरिका के बाज़ारों में एंट्री बंद हो गई है.
इसलिए अमेरिका अपनी केमिकल सोर्सिंग में बड़ा बदलाव कर रहा है. चीन से केमिकल इंपोर्ट में तेज गिरावट आई है और ये -9.3% CAGR) है। वहीं, भारत से इंपोर्ट में मामूली बढ़ोतरी हुई जिसका CAGR +1.3% है.

ये स्पेशलिटी केमिकल्स और पॉलीमर्स के लिए बाजार का माहौल पूरी तरह बदल रहा है. भारत का हिस्सा खासकर ऑर्गेनिक केमिकल्स में बढ़ रहा है. अमेरिकी खरीदार अब चीन पर निर्भरता कम करके भारत को एक विश्वसनीय वैकल्पिक सप्लायर के रूप में देख रहे हैं. ये स्ट्रक्चरल शिफ्ट भारतीय केमिकल सेक्टर के लिए लंबे समय में काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. अमेरिका जैसे बड़े बाजार में चीन से आने वाले सामान महंगे और कम आकर्षक हो रहे हैं, इसलिए अमेरिकी कंपनियां सप्लाई चेन डाइवर्सिफाई करने के लिए भारत की ओर मुड़ रही हैं.

  • भारतीय कंपनियों को अमेरिका में ज्यादा ऑर्डर मिलने की संभावना बढ़ गई है
  • एक्सपोर्ट वॉल्यूम और रेवेन्यू बढ़ सकता है।
  • कंपनियां जैसे Gujarat Alkalies, Neogen Chemicals, Amal बेहतर प्राइसिंग पावर और नए मार्केट एक्सेस का फायदा उठा सकती हैं

दूसरी तरफ, चीन के एक्सपोर्ट अब दूसरे बाजारों की ओर मुड़ रहे हैं, जिससे ग्लोबल स्तर पर प्राइस प्रेशर बढ़ सकता है, लेकिन कुल मिलाकर, ये China +1 स्ट्रैटेजी भारत के लिए एक बड़ा मौका है. जो भारतीय केमिकल इंडस्ट्री को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में मदद कर सकता है.

ग्लोबल केमिकल इंडस्ट्री का हब बनता भारत

भारत अब दुनिया के लिए केमिकल इंडस्ट्री का हब बनता जा रहा है. अनुमान है कि 2030 तक भारत का केमिकल बाजार 300 बिलियन को पार कर जाएगा, जिससे ये दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मार्केट बन जाएगा. भारतीय केमिकल कंपनियों का दम इसी बात से दिखता है कि पिछले 5 सालों में इन्होंने निफ्टी इंडेक्स के मुकाबले करीब दोगुना रिटर्न दिया है.

इसके पीछे तीन वजहें हैं –

  • देश के भीतर केमिकल्स की बढ़ती मांग।
  • सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ जैसी योजनाएं।
  • दुनिया भर की कंपनियों का अपनी सप्लाई चेन के लिए चीन की जगह भारत पर भरोसा जताना

हालांकि इतनी ग्रोथ के बावजूद सबकुछ इतना आसान भी नहीं है, भारत की सप्लाई चेन अब भी बिखरी हुई है. कच्चे माल से लेकर फाइनल प्रोडक्ट बनाने तक के बीच में कई कमियां हैं. साथ ही, भारत अब भी बहुत सारे केमिकल्स बाहर से ही इंपोर्ट करता है. साल 2024 में हमारा केमिकल ट्रेड डेफिसिट बढ़कर करीब 32 अरब डॉलर तक पहुंच गया था.

ग्लोबल कंपनियों की भारत में साझेदारी

भारत में ग्रोथ की संभावना इतनी ज्यादा है कि कोई भी कंपनी अकेले सब कुछ नहीं कर सकती. यहां की बिखरी हुई सप्लाई चेन के कारण जीरो से काम शुरू करना बहुत धीमा और महंगा साबित हो सकता है, इसीलिए BASF और Dow जैसी बड़ी ग्लोबल कंपनियों के लिए भारतीय कंपनियों के साथ हाथ मिलाना जरूरी हो गया है.

BASF मंगलौर में अपनी प्रोडक्शन क्षमता बढ़ा रही है ताकि पेंट और कंस्ट्रक्शन जैसे सेक्टर की मांग पूरी कर सके.
Dow Chemical भारत में ‘पॉलीयूरेथेन’ (polyurethane) का उत्पादन बढ़ा रही है और नए टेक्नोलॉजी सेंटर खोल रही है.

इन साझेदारियों का फायदा ये है कि विदेशी कंपनियां अपने साथ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी लेकर आती हैं और रिसर्च की क्षमताएं लाती हैं. वहीं, भारतीय कंपनियां उन्हें लोकल मार्केट की समझ, सरकारी नियमों की जानकारी और प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने की ताकत देती हैं. इस मेल-जोल से न केवल काम की रफ्तार बढ़ती है, बल्कि एक मजबूत सप्लाई चेन भी तैयार होती है जो दुनिया भर में एक्सपोर्ट करने के काम आती है.

क्या कहते हैं ब्रोकरेज

भारत का केमिकल सेक्टर इस वक्त शानदार प्रदर्शन कर रहा है. McKinsey की रिपोर्ट कहती है कि भारतीय केमिकल इंडस्ट्री 2030 तक 230 बिलियन से 255 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है. भारतीय केमिकल कंपनियों ने पिछले दशक में 17% CAGR का रिटर्न दिया है, जो ग्लोबल मार्केट से बेहतर है.

स्पेशियलिटी केमिकल्स: सेगमेंट में तेजी से विस्तार की उम्मीद है, जो मुनाफे के नए रास्ते खोलेगा.
कंस्ट्रक्शन केमिकल: शहरीकरण और इंफ्रा की वजह से ये सेगमेंट 2030 तक 28 बिलियन डॉलर का हो जाएगा
घरेलू मैन्युफैक्चरिंग का मौका: विदेशी निर्भरता कम करने के लिए लोकल कंपनियों के पास उत्पादन बढ़ाने मौका

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

मार्च-अप्रैल 2026 में केमिकल सेक्टर के चुनिंदा स्टॉक्स ने जो परफॉर्मेंस दिखाई, वह सिर्फ शॉर्ट-टर्म रिबाउंड नहीं बल्कि बड़े अपसाइकल की शुरुआत का संकेत हो सकता है. Gujarat Alkalies, Neogen Chemicals, Archean Chemical जैसी कंपनियां इस रैली की अगुवाई कर रही हैं.

इंडस्ट्री को ट्रैक करने वाले कई एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सेक्टर अभी बॉटम ऑफ द साइकल से निकलने के शुरुआती स्टेज में लग रहा है. कमोडिटी केमिकल्स में प्राइस रिकवरी और स्पेशलिटी में कैपेक्स से अगले 12-24 महीनों में अच्छा मोमेंटम बन सकता है. हालांकि ग्लोबल डिमांड अगर सुस्त रही या कच्चे तेल की कीमतें बहुत बढ़ीं, तो रिकवरी धीमी हो सकती है.

लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टर्स के लिए ये सेक्टर आकर्षक बना हुआ है, लेकिन वैल्यूएशन, ग्लोबल फैक्टर्स पर नजर रखना होगा, अगले कुछ हफ्तों में फोकस Q4FY26 रिजल्ट्स, केमिकल प्राइस ट्रेंड और बजट के केमिकल पार्क्स स्कीम पर आगे की घोषणाएं होंगी, यहां भी नजर रखनी होगी.

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए लिखा गया है। इसमें जिन शेयरों और कंपनियों का जिक्र किया गया है, वे उनके पिछले प्रदर्शन और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है और पिछले रिटर्न भविष्य की गारंटी नहीं होते। निवेश से पहले निवेशकों को अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह लेनी चाहिए या खुद स्वतंत्र रिसर्च करनी चाहिए। लेखक किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे।

Twitter – https://x.com/SumitResearch

Insta – Mehrotra Sumit (@sumitresearch)

Youtube – https://www.youtube.com/@Sumitresearch

Facebook – https://www.facebook.com/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *