West Bengal Election 2026: क्या बंगाल में ‘सत्ता परिवर्तन’ की उम्मीद ने बढ़ा दी कोलकाता बेस्ड कंपनियों की चमक!

West Bengal Election 2026 Analyzing the Sudden Spike in West Bengal’s Top Listed Companies ITC Bandhan Bank Exide Industries

Election Trade यानी अगर किसी राज्य में सत्ता परिवर्तन या प्रो-बिज़नेस सरकार आने की संभावना दिखती है, तो उस राज्य से जुड़ी कंपनियों में पहले से खरीदारी शुरू हो जाती है. पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी कुछ शेयरों में यही नैरेटिव बन रहा है. यही वजह है कि बंगाल बेस्ड कंपनियों में एक उत्साह देखा जा रहा है.

पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटों के लिए पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हो चुका है, जिसमें बंपर वोट पड़े, और 29 अप्रैल को अभी वोट डाले जा रहे हैं. ये चुनाव TMC मुखिया ममता बनर्जी और BJP के बीच बेहद कड़ी टक्कर वाला माना जा रहा है.

बाज़ार में पॉजिटिव सेंटीमेंट्स की वजह

खबर लिखे जाने तक आज 29 अप्रैल 2026 को दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग अभी चल रही है. एग्जिट पोल शाम को आने हैं, इसलिए भी जो तेजी दिख रही है, वो ज़्यादातर स्पेकुलेशन और पोज़ीशनिंग है. फिर भी, शेयर बाजार में बदलाव की उम्मीद सबसे बड़ा ट्रिगर होता है. इसलिए यहां BJP की जीत की संभावना को लेकर बाजार में पॉजिटिव सेंटिमेंट बना हुआ है. इसके पीछे कुछ ठोस कारण हैं.

बिज़नेस फ्रेंडली पॉलिसी
BJP जीती तो बिज़नेस फ्रेंडली नीतियों की उम्मीद रहती है. BJP ने अपने चुनाव प्रचार में रोजगार, इंडस्ट्रीज की स्थिति को सुधारने जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाया है और TMC सरकार पर निवेश और औद्योगिक विकास में विफलता का आरोप लगाया है. अगर BJP जीतती है तो केंद्र और राज्य दोनों BJP के होंगे,इससे निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और इंडस्ट्रियल ग्रोथ की संभावना बढ़ेगी

ग्लोबल मार्केट्स में भी अनिश्चितता और उत्साह
Polymarket यानी ग्लोबल प्रेडिक्शन मार्केट पर BJP को 52% और TMC को 47% की संभावना दी जा रही है, यानी बाजार BJP की जीत को थोड़ा आगे मान रहा है. जिसकी वजह से भी मार्केट का नैरेटिव BJP के पक्ष में बन रहा है.

पश्चिम बंगाल की कंपनियों पर असर

बंगाल बेस्ड कंपनियां जैसे रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, सीमेंट, स्टील और FMCG सेक्टर की कंपनियां इस सेंटिमेंट से फायदा उठा रही हैं. क्योंकि अगर पश्चिम बंगाल में BJP आती है तो – केंद्र सरकार की स्कीम्स को राज्य में लागू किया जाएगा. जैसे – घर से जुड़ी PM आवास योजना, सड़क, लॉजिस्टिक्स, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और पोर्ट्स से जुड़ी योजनाओं को भी बेहतर तरीके से लागू किया जा सकेगा. नतीजा ये होगा कि यहां पर निवेश का माहौल सुधरेगा और औद्योगिक एक्टिविटी भी बढ़ेगी, जिससे इन सेक्टर्स से जुड़ी कंपनियोंको फायदा पहुंचेगा.

कौन सी कंपनियां चर्चा में
BJP के सत्ता में आने का असर जिन बंगाल बेस्ड कंपनियों में पड़ेगा, उनकी लिस्ट तो लंबी है, लेकिन कुछ कंपनियों का जिक्र कर रहे हैं जिन्हें BJP की बंगाल में प्रो-बिज़नेस पॉलिसीज का फायदा पहुंच सकता है.

1- Bandhan Bank
इसका हेडक्वार्टर कोलकाता में है. आज इसके शेयरों में 13.50% की दमदार तेज़ी देखी जा रही है. इसने आज 29 अप्रैल को इंट्राडे में 202.95 का 52वीक हाई बनाया है, हो सकता है ये इसके ऊपर भी चला जाए. मगर ये तेजी सिर्फ BJP की बंगाल में जीत की उम्मीद की वजह से नहीं है, बल्कि उसके शानदार तिमाही नतीजों की वजह से है. Q4 FY26 में इसका मुनाफा 68% बढ़कर 534 करोड़ रुपये हो गया. इसकी असेट क्वालिटी में भी सुधार हुआ है. CLSA से लेकर जेफरीज तक सभी ने इसमें BUY की राय दी है. अच्छे नतीजों के साथ साथ बंगाल में BJP की संभावित जीत से माइक्रोफाइनेंस बॉरोअर्स की आर्थिक स्थिति बेहतर होने और NPA घटने की उम्मीद है. बंगाल बंधन बैंक का सबसे बड़ा बाजार है.

2- Exide Industries
अगर बंगाल में BJP की जीत होती है तो Exide Industries के लिए सेंटीमेंट्स पॉजिटिव रह सकते हैं. क्योंकि BJP की EV और मैन्युफैक्चरिंग पुश से बैटरी की मांग बढ़ेगी. Exide का नया लीथियम-आयन बैटरी प्लांट बंगाल में ही है जिसे केंद्र के सपोर्ट से काफी विस्तार मिल सकता है. हाल ही में हुई ग्लोबल ऑटो कंपनियों के साथ पार्टनरशिप और चुनाव के बाद इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर सरकारी फोकस बढ़ने की उम्मीद ने इसे काफी मजबूती दी है. यही वजह थी कि पिछले एक महीने में इस शेयर ने करीब 17% का शानदार रिटर्न दिया है. आज यानी 29 अप्रैल को भी इसमें 3.5% की तेज़ी है.

3- ITC Limited
ITC का हेडक्वार्टर कोलकाता में है. ITC का बंगाल में विशाल एग्रीकल्चर, पेपर और होटल नेटवर्क है. BJP की बिज़नेस फ्रेंडली पॉलिसीज और केंद्र-राज्य सरकार के आपसी तालमेल से ITC के बंगाल ऑपरेशन को बढ़त मिलेगी. GST और एक्साइज पर भी केंद्र का सपोर्ट हासिल हो सकता है. हालांकि ITC का बिजनेस सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में फैला है, इसलिए सीधे चुनाव के नतीजों का इस पर कोई बहुत बड़ा असर हो, ऐसा नहीं लगता है. लेकिन सेंटीमेंट्स पर असर तो पड़ सकता है. ITC के शेयर में आज करीब 3.5% तक की तेजी देखने को मिली और ये 315 रुपये से ऊपर चला गया.

4- CESC Limited
CESC कोलकाता की इकलौती पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी है. BJP सरकार आने से बिजली सेक्टर में सुधार, टैरिफ रिवीजन और नए प्रोजेक्ट मंजूरियों की उम्मीद है. चूंकि CESC कोलकाता और आसपास के इलाकों जैसे कि हावड़ा, हुगली में बिजली सप्लाई की मोनोपॉली रखती है, इसलिए चुनाव के समय पॉलिसी कंटिन्यूटी की उम्मीद निवेशकों को राहत देती है. बाजार को लगता है कि चुनाव के बाद टैरिफ स्ट्रक्चर या बिजली वितरण की नीतियों में कोई बड़ा निगेटिव बदलाव नहीं होगा.

हाल ही में कई बड़े ब्रोकरेज हाउस ने इसे अपनी ‘High-Conviction Buy’ लिस्ट में शामिल किया है, जिसका असर इसकी कीमतों पर साफ दिख रहा है. अप्रैल 2026 की शुरुआत में CESC का शेयर 153 के आसपास था, वो 29 अप्रैल तक 191 के स्तर को पार कर चुका है. यानी पिछले एक महीने में इसमें 24% से ज्यादा की तेजी आई है. यह 52-वीक हाई के बेहद करीब ट्रेड कर रहा है, जो कि 195 रुपये है.

5- PCBL Ltd
फिलिप्स कार्बन ब्लैक यानी PCBL संजीव गोयनका ग्रुप की ये कंपनी भी कोलकाता में है. PCBL कार्बन ब्लैक का सबसे बड़ा प्रोड्यूसर है, जिसका इस्तेमाल टायरों और रबर प्रोडक्ट्स में होता है. सड़कों और हाईवे के निर्माण में तेजी आने से ऑटोमोबाइल और टायर इंडस्ट्री की मांग बढ़ेगी, जिससे सीधा फायदा PCBL को होगा.

PCBL अब केवल टायर तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘स्पेशलिटी केमिकल्स’ और ‘बैटरी मटेरियल’ की ओर बढ़ रही है. PCBL ने 3,800 करोड़ में पुणे की Aquapharm Chemicals का अधिग्रहण किया, ये ग्रुप का अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण है. साथ ही, PCBL ने अपने ज्वाइंट वेंचर Nanovace Technologies के जरिए लीथियम- आयन बैटरीज के लिए नैनो-सिलिकॉन एनोड मैटेरियल डेवलप करना शुरू किया है. अगर BJP सरकार बंगाल में आती है तो वो केमिकल्स और ईवी (EV) कंपोनेंट्स के लिए मिलने वाली सब्सिडी या इंसेंटिव्स PCBL के मार्जिन को बढ़ा सकती है.

इस कंपनी में अच्छी तेजी देखी जा रही है. सिर्फ अप्रैल के महीने में ही अबतक इसमें 25% तक की तेजी आ चुकी है. यह हिमाद्री स्पेशलिटी की मुख्य कंपटीटर है. कार्बन ब्लैक और स्पेशलिटी केमिकल्स सेक्टर में कैपेसिटी विस्तार की खबरों के चलते इसमें खरीदारी देखी जा रही है.

6- Himadri Speciality Chemical
Himadri का हुगली प्लांट दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल लोकेशन स्पेशिएलिटी कार्बन ब्लैक फैसिलिटी है. 23 अप्रैल 2026 को कंपनी ने यहीं अपना पहला एनोड मैटेरियल प्रोडक्शन फैसिलिटी भी शुरू किया है. यानी हिमाद्री की मैन्युफैक्चरिंग का दिल पश्चिम बंगाल में ही है.

Himadri अभी बहुत तेजी से विस्तार के मोड में है. BJP सरकार आने से उसके हुगली प्लांट और दूसरे अन्य प्लांट्स के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण, पर्यावरण मंजूरियां और इंडस्ट्रियल मंजूरियां तेजी से मिल जाएंगी.क्योंकि केंद्र और राज्य के बीच तनाव नहीं होगा.

हालांकि ये भी समझना जरूरी है कि सिर्फ बंगाल में BJP की जीत की संभावना फैक्टर ही हिमाद्री के बेहतर प्रदर्शन की वजह नहीं है. Himadri एक ग्लोबल कंपनी है, भले ही मुख्यालय कोलकाता में है. कंपनी के प्रोडक्ट्स 61 देशों में एक्सपोर्ट किए जाते हैं. इसका रेवेन्यू भी किसी एक राज्य की सरकार से नहीं, बल्कि एल्यूमीनियम, ग्रेफाइट, EV बैटरी जैसे ग्लोबल इंडस्ट्रीज से आता है. कंपनी ने चौथी तिमाही में दमदार प्रदर्शन किया है, जिसकी वजह से इसके शेयरों में तेजी है.

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए लिखा गया है। इसमें जिन शेयरों और कंपनियों का जिक्र किया गया है, वे उनके पिछले प्रदर्शन और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है और पिछले रिटर्न भविष्य की गारंटी नहीं होते। निवेश से पहले निवेशकों को अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह लेनी चाहिए या खुद स्वतंत्र रिसर्च करनी चाहिए। लेखक किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे।

Twitter – https://x.com/SumitResearch

Insta – Mehrotra Sumit (@sumitresearch)

Youtube – https://www.youtube.com/@Sumitresearch

Facebook – https://www.facebook.com/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *